Saturday, September 5, 2026

सिलचर कांग्रेस का गंभीर आरोप, कहा, कछार जिले में चल रहा सिंडिकेट राज  

  • अवैध तस्करी खिलाफ कांग्रेस खोलेगी मोर्चा, अंतर्राज्यीय सीमा पर देगी पहरा 

कांग्रेस पार्टी ने राज्य में सिंडिकेट राज का आरोप लगाते हुए अब इसके खिलाफ मैदान में उतर गई है। कांग्रेस ने कहा कि वह स्वयं अंतर्राज्यीय सीमा पर पहरा देंगे। पार्टी का आरोप था कि कछार में कोयला, सुपारी और चूना पत्थर का सिंडिकेट धड़ल्ले से चल रहा है। ये तस्करी हर दिन व रात के अंधेरे में हो रही है, जिससे सरकार को हर रात एक करोड़ रुपये से ज्यादा रेवेन्यू  का नुकसान हो रहा है।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा है कि पार्टी कार्यकर्ता सिंडिकेट के उत्पात को रोकने के लिए जिले की हर अंतर्राज्यीय सीमा पर पहरा देंगे। सिलचर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सजल आचार्य और पार्टी के एक अन्य पदाधिकारी पापोन देव ने सोमवार को सिलचर स्थित कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल के नेताओं की देखरेख में सिंडिकेट राज चल रहा है। हर रात, राजस्व की चोरी करके, कौड़ियों के भाव कोयला, सुपारी और चूना पत्थर से लदी गाड़ियों की अवैध तस्करी की जा रही है।

सिंडिकेट वालों की जेबें भले ही भारी पड़ रही हों, लेकिन सरकार के राजस्व को नुकसान हो रहा है। जिला कांग्रेस जल्द ही जिला आयुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से इस पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई की मांग करेगी। मांग पत्र सौंपने के बाद एक सप्ताह का इंतज़ार किया जाएगा। अगर इस समय अवधि में कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता सिंडिकेट खिलाफ मोर्चा खोलेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता जिले से लगी मिज़ोरम, मणिपुर और मेघालय की सीमा पर निगरानी रखेंगे। सजल आचार्य और पापोन ने सिलचर नगर निगम चुनाव जल्द कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि भाजपा हार के डर से चुनाव नहीं कराना चाहती और कई वर्षों से चुनाव न होने के कारण बोर्ड की लापरवाही के कारण म्युनिसिपल बोर्ड की सेवाएं बाधित हैं। एक अन्य पार्टी पदाधिकारी पार्थ रंजन चक्रवर्ती ने सिलचर शहर की पेयजल और जल निकासी की समस्याओं पर प्रकाश डाला और कहा कि भाजपा शहरवासियों को शुद्ध पेयजल की एक बूंद भी उपलब्ध नहीं करा पा रही है। उन्होंने राजमार्ग का ज़िक्र करते हुए कहा कि वे भाजपा सरकार पंचग्राम-बड़ापानी एक्सप्रेसवे बनाने की बात कर रही है, जहाँ वे केवल 31 किलोमीटर का हिस्सा ही नहीं खोल पा रहे हैं।

पहले हाईवे के 31 किलोमीटर हिस्से का नवीनीकरण कर इस सड़क को खोला जाए, वरना एक्सप्रेसवे पर चर्चा होगी। पार्टी की महिला नेता संचिता आचार्य ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में विभिन्न समस्याओं पर बात की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सत्यजीत डे, अमिताभ हुसैन, अनवर अहमद लस्कर (बटाई) और बिनय कृष्ण दास समेत कई लोग मौजूद थे।

Popular Articles