Sunday, September 6, 2026

मंत्री कौशिक राय ने कहा, सिलचर में प्रस्तावित रूट पर ही होगा एलिवेटेड रोड का निर्माण, दिसंबर में होगा काम आरंभ

  • जनसुनवाई में नागरिकों, व्यवसायियों और संगठनों ने विचार एवं प्रस्ताव रखे 

सिलचर महानगर में प्रस्तावित रूट पर ही एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण होगा। असम के मंत्री कौशिक राय ने कहा कि शहर में एलिवेटेड रोड बनना समय की मांग है और उन्होंने शहर वासियों से सहयोग की अपील की।

  • VIDEO

मालूम हो कि “कैपिटल पॉइंट के पास ट्रंक रोड से रंगिरखारी पॉइंट तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के निर्माण” के लिए कछार जिला प्रशासन की ओर से स्थानीय बंग भवन में एक जनसुनवाई रखी गई थी। शहर की यातायात समस्या के समाधान के लिए प्रस्तावित फ्लाईओवर पर आयोजित नागरिकों की बैठक में विभिन्न विचार व्यक्त किए गए, लेकिन अंत में एकमत संदेश सामने आया। नागरिकों ने अपनी राय व्यक्त की कि सिलचर के विकास के लिए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाना चाहिए।

हालांकि कुछ लोगों ने एलिवेटेड रोड के रूट बदलने या वर्तमान में स्थगित रखने के सुझाव, प्रस्ताव दिए, लेकिन मंत्री कौशिक राय और सिलचर के विधायक दीपायन चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया, एलिवेटेड कॉरिडोर रोड का निर्माण होगा। रूट नहीं बदलने वाला, हां, लेकिन समस्याओं को कम करने का प्रयास अवश्य किया जाएगा। मंत्री कौशिक राय ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा गंभीरता से इस पहल को आगे बढ़ाते हुए फंड की मंजूरी दी। भविष्य को देखकर विकास करना होगा। एलिवेटेड रोड के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि उन सभी की चिंताओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा, जिनके दुकान अथवा मकान का कुछ हिस्सा चला जाएगा।

मंत्री ने बताया कि अगले महीने में काम शुरू होगा और 24 महीने में निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य है। मंत्री राय ने ख़ुशी व्यक्त करते हुए कहा कि जनसुनवाई में नागरिकों ने अपने विचार एवं प्रस्ताव रखे। अंततः सभी ने एलिवेटेड रोड के निर्माण का स्वागत किया। जबकि विधायक दीपायन चक्रवर्ती ने कहा, मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार विकास एवं अपने किए वादों को लेकर प्रतिबद्ध है। भाजपा सरकार जो कहती है उसे पूरा करने में विश्वास रखती है। लगभग छह बार नागरिक बैठक की है। विधायक ने कहा कि विकास के मुद्दे पर कोई राजनीति नहीं होने देंगे।

दिसंबर माह में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी। इस बैठक में सिलचर के सांसद परिमल शुक्लवैद, राज्यसभा सांसद कणाद पुरकायस्थ, व्यवसायी असित दत्ता, माकपा नेता दुलाल मित्रा, जिला आयुक्त मृदुल यादव, एडीसी ध्रुबज्योति पाठक, पीडब्ल्यूडी विभाग के अभियंता और ठेकेदार मौजूद रहे। नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न संगठनों और व्यापारिक संघों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।बैठक में मुख्य रूप से सेंट्रल रोड के व्यापारियों ने अपनी आपत्तियां उठाईं। उन्हें डर था कि अगर फ्लाईओवर का निर्माण हुआ, तो सड़क पर व्यापार को नुकसान पहुँच सकता है, दुकानों में ग्राहकों की संख्या कम हो जाएगी और संचार व्यवस्था बाधित हो जाएगी।

उन्होंने परियोजना पर पुनर्विचार की मांग की। जबकि अनेक लोगों ने फ्लाईओवर का खुलकर समर्थन किया। शहर के अधिकांश नागरिकों और वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से चले आ रहे जाम को खत्म करने के लिए फ्लाईओवर बेहद ज़रूरी है। उनके अनुसार, विकास की राह पर कुछ अस्थायी कठिनाइयों को स्वीकार करना होगा, क्योंकि शहर के भविष्य के लिए इस परियोजना का क्रियान्वयन ज़रूरी है। बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि सभी पक्षों की राय लिखित रूप में प्रशासन को भेजी जाएगी और नागरिकों की चिंताओं को दूर करते हुए फ्लाईओवर निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

योगेश दुबे

Popular Articles